

उत्तर 24 परगना : जिले के हसनाबाद के रामेश्वरपुर इलाके में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता अब्दुल्ला गाजी के घर पर छापेमारी की। विदेशी फंडिंग और मदरसा निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये के कथित गबन से जुड़े मामले में यह कार्रवाई की गयी है। जांच एजेंसियों के अनुसार अब्दुल्ला गाजी के बैंक खाते में विदेश से बड़ी मात्रा में धनराशि भेजे जाने की जानकारी मिली है। आरोप है कि यह रकम मदरसा निर्माण के नाम पर जुटाई गई थी, लेकिन इसके उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। इसी मामले में पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के लिए यूपी एटीएस की टीम ने उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के मुताबिक इसी मामले में करीब दो वर्ष पहले भी उत्तर प्रदेश एटीएस ने अब्दुल्ला गाजी को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच अब भी जारी है और हाल ही में मिले नए इनपुट के आधार पर एजेंसी ने दोबारा कार्रवाई की है। जांच अधिकारी वित्तीय लेनदेन, विदेशी अनुदान के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। छापेमारी के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। अधिकारियों ने अब्दुल्ला गाजी से लंबी पूछताछ की, जबकि उनके घर से कई दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई। सूत्रों का यह भी दावा है कि हसनाबाद के अलावा हाड़ोआ समेत राज्य के कई अन्य स्थानों पर भी एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश एटीएस के साथ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी भी शामिल रहे।