इच्छापुर गंगा घाट पर दो युवाओं को नदी में धक्का देने का आरोप

हत्या के संदेह में दो युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही है पूछताछ
इच्छापुर गंगा घाट पर दो युवाओं को नदी में धक्का देने का आरोप
Published on

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना के नोआपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित इच्छापुर के नवाबगंज गंगा घाट पर सोमवार को चार दोस्तों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक और एक युवती को कथित तौर पर गंगा में धक्का दे दिया गया। घटना के बाद से दोनों लापता हैं। पुलिस ने मामले में दो युवकों कुशल साहा और आशुतोष सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि गोताखोरों की टीम लगातार गंगा में तलाशी अभियान चला रही है। लापता युवक की पहचान अभिषेक मंडल और युवती की पहचान ओइद्रिला कर्मकार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 18 वर्ष के आसपास बतायी गयी है। दोनों भाटपाड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर-35 के निवासी हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के समय अभिषेक, ओइद्रिला, कुशल साव और आशुतोष सिंह नवाबगंज गंगा घाट पर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किसी बात को लेकर चारों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की में बदल गई। आरोप है कि पहले अभिषेक को गंगा में धक्का दिया गया। इसके बाद ओइद्रिला को भी नदी में फेंक दिया गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों को बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही नोआपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कुशल साव तथा आशुतोष सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है। अभिषेक की मां रूपा मंडल ने आरोप लगाया कि इस घटना का मुख्य आरोपी 'नोनाई' नामक युवक है। उनका दावा है कि दो दिन पहले नोनाई ने फोन कर बताया था कि अभिषेक ने टैटू बनवाया है और उसके 2,500 बकाया हैं। रुपये नहीं देने पर उसे "हिसाब समझाने" की धमकी भी दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि पहले अभिषेक को नशा कराया गया और फिर उसे गंगा में फेंक दिया गया। वहीं, ओइद्रिला के पिता ने बताया कि उनकी बेटी सोमवार सुबह सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी। शाम से उसका मोबाइल फोन बंद था। सोमवार देर रात करीब 2:10 बजे कुछ समय के लिए फोन चालू हुआ, लेकिन कॉल करने पर नंबर लगातार व्यस्त मिला। उन्होंने भी आशंका जताई कि उनकी बेटी ने इस घटना को देखा था इसलिए उसे भी धक्का दिया गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in