हाबरा में जेशोर रोड पर गिरे दो पेड़, चार घंटे तक यातायात ठप

हाबरा में जेशोर रोड पर गिरे दो पेड़, चार घंटे तक यातायात ठप
Published on

हाबरा : लगातार बारिश के कारण शुक्रवार तड़के हाबरा के जेशोर रोड पर दो बड़े पेड़ गिरने से करीब चार घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। हालांकि घटना सुबह-सुबह होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस, स्थानीय लोगों और नगर पालिका की तत्परता से पेड़ हटाकर यातायात बहाल किया गया। जानकारी के अनुसार, हाबरा नगरपालिका के वार्ड संख्या-2 स्थित चोंगदा मोड़ पर भारी बारिश के चलते एक पुराना बरगद और एक कटहल का पेड़ जड़ों की मिट्टी नरम होने से सड़क पर गिर पड़े। दोनों पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिरने से कोलकाता, हाबरा, बनगांव और पेट्रापोल सीमा को जोड़ने वाले व्यस्त जेशोर रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। सूचना मिलते ही हाबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने प्रारंभिक स्तर पर पेड़ों की शाखाएं हटाने का काम शुरू किया, जिसके बाद नगर पालिका के कर्मचारी मशीनों की मदद से पेड़ों को काटकर हटाने में जुट गए। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in