स्कूल बंक कर तालाब में मछली पकड़ने गए दो छात्र डूबे

घंटों तलाशी के बाद मिला दूसरे छात्र का शव
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

अशोकनगर : स्कूल जाने के बजाय तालाब में मछली पकड़ना 11वीं कक्षा के दो छात्रों के लिए जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार को अशोकनगर बॉयज सेकेंडरी स्कूल के दो छात्र पीरबाबा के तालाब में डूब गए। मृतकों की पहचान प्रथम दासगुप्ता (17) और शिवम पाल (17) के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों छात्र एक अन्य सहपाठी के साथ स्कूल के पास स्थित तालाब में गमछे की मदद से मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबता देख साथ मौजूद छात्र ने शोर मचाया। आवाज सुनकर स्थानीय लोग और स्कूल के शिक्षक वहां पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पानी में उतरकर प्रथम को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे अशोकनगर स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, शिवम का कोई सुराग नहीं मिलने पर तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद जलकुंभी के नीचे से उसका शव बरामद हुआ। प्रथम अशोकनगर नगरपालिका के 13 नंबर वार्ड में रहता था। माता-पिता के निधन के बाद वह हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वहीं शिवम अशोकनगर-कल्याणगढ़ नगरपालिका के 10 नंबर वार्ड का रहने वाला था। उसके पिता गंजी की फैक्ट्री में काम करते हैं। घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पीरबाबा के तालाब में पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का आरोप है। घटना के बाद तालाब की घेराबंदी, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग उठी है।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in