

उत्तर 24 परगना : नैहाटी थाना क्षेत्र में काम से घर लौट रहे दो युवकों पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ता रोककर पहले उनके साथ गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर मारपीट की गई। घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे फूलपुकुर निवासी शेरू हरिजन अपने दोस्त शंभु हरिजन के साथ काम खत्म कर घर लौट रहे थे। बड़ो मां मंदिर के पास कथित तौर पर कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। शिकायत में जेलेपाड़ा निवासी बिक्रम हरिजन समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल शेरू और शंभु को उपचार के लिए नैहाटी स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर नैहाटी थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।