नवद्वीप में तृणमूल कार्यालय से दस्तावेज हटाने के आरोप में दो गिरफ्तार

आरोपियों के पास से कई सरकारी दस्तावेज बरामद
नवद्वीप में तृणमूल कार्यालय से दस्तावेज हटाने के आरोप में दो गिरफ्तार
Published on

नदिया : नदिया जिले के नवद्वीप में सोमवार की देर रात तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय से कथित तौर पर महत्वपूर्ण दस्तावेज हटाए जाने के आरोप को लेकर हंगामा मच गया। स्थानीय लोगों ने संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों को रंगे हाथ पकड़कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना नवद्वीप शहर के हॉस्पिटल रोड स्थित वार्ड संख्या 4 और 5 के तृणमूल कांग्रेस कार्यालय की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों व्यक्ति रात के अंधेरे में कार्यालय से बड़ी मात्रा में दस्तावेज बाहर ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके बैग से कथित तौर पर कई सरकारी दस्तावेज, राशन कार्ड, मकानों से संबंधित कागजात तथा अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तिगत दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक मंडल और मानिक घोष के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके पास से मिले दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय निवासी चिरंजीत देवनाथ का आरोप है कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद यह पार्टी कार्यालय लंबे समय तक बंद पड़ा था। हाल ही में इसे फिर से खोला गया। उनका दावा है कि दोनों आरोपी कई दिनों से साइकिल पर खाली बैग लेकर कार्यालय आते थे और लौटते समय बैग में दस्तावेज भरकर ले जाते थे। संदेह होने पर सोमवार की रात स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। वहीं, गिरफ्तार आरोपी दीपक मंडल ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि वह और मानिक घोष वार्ड संख्या 4 की पार्षद अनुराधा मुखोपाध्याय तथा वार्ड संख्या 5 के पार्षद झंटू लाल दास के निर्देश पर दस्तावेज स्थानांतरित कर रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in