

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिले के दांतन थाना इलाके के नेकुरसेनी में खड़गपुर-बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 पर एक ट्रक की चपेट में आने से एक महिला होमगार्ड की मौत हो गई। हादसे में तीन और घायल हो गए।
पता चला है कि दांतन थाना इलाके के मनोहरपुर हाई स्कूल की हायर सेकेंडरी परीक्षा की उत्तर पुस्तिका जमा करने के लिए नेकुरसेनी पोस्ट ऑफिस लाई गई थीं। उत्तर पुस्तिका ले जा रही गाड़ी को स्क्वाड करने के बाद पुलिस वालों की एक प्राइवेट कार नेकुरसेनी पोस्ट ऑफिस की तरफ आ रही थी। आरोप है कि उसी समय बेलदा की तरफ जा रहे एक ट्रक ने पीछे से पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गाड़ी में सवार एक महिला होमगार्ड समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही बेलदा थाने की पुलिस और दांतन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उनमें से कुछ को बेलदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला होमगार्ड की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान भारती मुर्मू के रूप में हुई है। वह पुलिस होमगार्ड के तौर पर तैनात थी। हादसे से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 पर हड़कंप मच गया। पुलिस जांच कर रही है कि हादसा कैसे हुआ।