

बैरकपुर : बारिश के दौरान जलजमाव के कारण ट्रेनों के परिचालन में आने वाली दिक्कतों को कम करने के लिए बैरकपुर स्टेशन पर नई सिग्नलिंग व्यवस्था शुरू की गई है। पूर्व रेलवे ने यहां मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर (एमएसडीएसी) सिस्टम लगाया है। यह व्यवस्था 21 सितंबर से काम करने लगी है। रेलवे के अनुसार, भारी बारिश के दौरान बैरकपुर स्टेशन के कुछ हिस्सों में पानी जमा हो जाता है। इससे ट्रैक सर्किट में तकनीकी समस्या आने की आशंका रहती है। इसका असर सिग्नल पर पड़ सकता है और ट्रेनें अनावश्यक रूप से रुक सकती हैं। इसी समस्या को देखते हुए मौजूदा व्यवस्था के साथ एमएसडीएसी लगाया गया है। नई प्रणाली से ट्रैक पर ट्रेन की मौजूदगी का पता लगाने का एक अतिरिक्त माध्यम मिलेगा। इसे बैरकपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4, 2, 1ए और 1 के अलावा डाउन सब-अर्बन लाइन पर भी लगाया गया है। इससे बारिश के दौरान सिग्नलिंग में आने वाली परेशानी को कम करने और ट्रेनों का परिचालन सुचारु रखने में मदद मिलेगी। बैरकपुर स्टेशन से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। ऐसे में सिग्नलिंग व्यवस्था में सुधार से ट्रेन के बेवजह रुकने की समस्या कम होने और समय पर ट्रेन चलाने में मदद मिलने की उम्मीद है। सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना की निगरानी में यह काम पूरा किया गया। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माझी ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य बारिश के दौरान सिग्नलिंग से जुड़ी समस्याओं को कम करना और यात्रियों को सुरक्षित व बेहतर रेल सेवा देना है।