बकाया वेतन को लेकर टीटागढ़ नगर पालिका में कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार

स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों ने गेट बंद कर किया प्रदर्शन
बकाया वेतन को लेकर टीटागढ़ नगर पालिका में कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार
Published on

बैरकपुर : टीटागढ़ नगर पालिका में बकाया वेतन को लेकर मंगलवार को स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी से नाराज कर्मचारियों ने नगर पालिका के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़कर कार्य बहिष्कार किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बता दें कि नगर पालिका का बोर्ड भंग होने के बाद फिलहाल प्रशासनिक कार्यभार नगर पालिका अधिकारी के पास है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि नियमित रूप से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा, जिससे उनके समक्ष आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। उनका स्पष्ट कहना था कि बकाया राशि का भुगतान होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीटागढ़ और खड़दह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कर्मचारियों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका अधिकारी से वार्ता की। बैठक के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगें रखीं, जिस पर प्रशासन ने जल्द सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया। इधर, प्रदर्शन की सूचना मिलने पर भाजपा बैरकपुर मंडल-3 के अध्यक्ष संतोष सिंह स्थानीय नेताओं के साथ नगर पालिका पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। बाद में मीडिया से बातचीत में उन्होंने नगर पालिका में व्यापक "संस्थागत भ्रष्टाचार" का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले से राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल और बैरकपुर के विधायक कौस्तव बागची को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in