हाईवोल्टेज डर्बी से पहले बारासात में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 1100 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

ईस्ट बंगाल-मोहन बागान मुकाबले को लेकर पुलिस अलर्ट
हाईवोल्टेज डर्बी से पहले बारासात में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 1100 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा
Published on

तीन स्तरीय जांच और अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था

बारासात : लंबे समय के बाद उत्तर 24 परगना के बारासात स्थित विद्यासागर क्रीड़ांगन में फुटबॉल की दो सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी टीमें ईस्ट बंगाल और मोहन बागान आमने-सामने होंगी। सोमवार यानी आज शाम 5 बजे होने वाले इस हाईवोल्टेज कोलकाता प्रीमियर लीग मुकाबले को लेकर पूरे जिले में उत्साह चरम पर है। वहीं, समर्थकों की भारी भीड़ और दोनों टीमों के बीच संभावित तनाव को देखते हुए बारासात जिला पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की है। मैच शुरू होने से दो घंटे पहले यानी दोपहर 3 बजे से स्टेडियम और उसके आसपास के इलाके को विशेष सुरक्षा घेरे में ले लिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1,100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें छह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक जे. मार्सी के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस जिले के बाहर से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है।

तीन चरणों में होगी दर्शकों की जांच

करीब 10 हजार दर्शकों की संभावित मौजूदगी को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पहले चरण में गैलरी ब्लॉक के टिकट की जांच होगी। दूसरे चरण में पुलिस दर्शकों और उनके सामान की तलाशी लेगी, जबकि अंतिम चरण में टिकट या पास का क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। बारासात स्टेडियम में करीब 10 हजार दर्शकों की क्षमता है और डर्बी के टिकटों को लेकर जबरदस्त मांग देखी जा रही है। समर्थकों के बीच किसी भी प्रकार के टकराव को रोकने के लिए ईस्ट बंगाल और मोहन बागान समर्थकों के प्रवेश मार्ग, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग क्षेत्र अलग-अलग रखे गए हैं। स्टेडियम में प्रवेश के लिए चार मुख्य गेट निर्धारित किए गए हैं, जबकि आपातकालीन निकासी के लिए दो अतिरिक्त गेट बनाए गए हैं।

बैग, बोतल और छाता लेकर प्रवेश पर रोक

पुलिस प्रशासन ने दर्शकों के लिए कड़े नियम जारी किए हैं। स्टेडियम के भीतर बैग, पानी की बोतल, छाता और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। दर्शक केवल मोबाइल फोन लेकर प्रवेश कर सकेंगे। स्टेडियम के अंदर पेयजल की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी तैनात रहेगी।

शहर में बदलेगी यातायात व्यवस्था

डर्बी के मद्देनजर बारासात शहर की यातायात व्यवस्था में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। दोपहर 3 बजे के बाद शहर के भीतर मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि, स्टेडियम के सामने स्थित स्कूल के विद्यार्थियों के सुरक्षित रूप से घर लौटने के बाद ही यातायात संबंधी पाबंदियां पूरी तरह लागू की जाएंगी। स्टेडियम के आसपास अनावश्यक भीड़ या जमावड़े पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। जिला और राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे सुरक्षा ब्लूप्रिंट की निगरानी कर रहे हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in