

सोशल मीडिया विज्ञापन के जरिए ठगी का आरोप
बनगांव : काला कोट पहनकर खुद को वकील बताना तीन लोगों को महंगा पड़ गया। बनगांव महकमा अदालत परिसर में मंगलवार को लोन दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एक युवक और दो युवतियों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद अदालत परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर एक युवक और दो युवतियां काला कोट पहनकर अदालत परिसर पहुंचे थे। तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। मामला संदिग्ध लगने पर वहां मौजूद कुछ अधिवक्ताओं ने उन्हें रोककर बैठा लिया और पुलिस को सूचना दी। इसी बीच कुछ लोग वहां पहुंचे और तीनों पर लोन दिलाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, शंकर घोष नामक युवक ने सोशल मीडिया पर लोन दिलाने का विज्ञापन दिया था। उसने खुद को बनगांव महकमा अदालत का अधिवक्ता बताया था। आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने के नाम पर उनसे हजारों रुपये लिये गये। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मंगलवार को उन्हें लोन से संबंधित कागजात और अपने दस्तावेज नोटरी कराने के लिए अदालत बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद उन्हें काफी देर तक इंतजार कराया गया। इसी दौरान तीनों के पकड़े जाने की खबर मिलने पर कथित रूप से ठगी के शिकार लोग भी अदालत परिसर पहुंच गए। बीरभूम से आए एक शिकायतकर्ता ने दावा किया कि निजी संस्था के माध्यम से कोर्ट एग्रीमेंट के आधार पर लोन देने की बात कही गई थी और ऑनलाइन उससे 40 हजार रुपये लिये गये। उसने यह भी आरोप लगाया कि छह अन्य लोगों से 20-20 हजार रुपये लिये गये। फिलहाल पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उनके पास मौजूद दस्तावेजों और लोन दिलाने के नाम पर पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है।