झंकार मोड़ में स्वामी विवेकानंद की सबसे ऊंची प्रतिमा का हो रहा निर्माण

सिलीगुड़ी नगर निगम के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निकाली जाएगी भव्य शोभायात्रा, साल भर चलेंगे कार्यक्रम
Mayor Gautam Deb addressing the reporters
Mayor Gautam Deb addressing the reporters
Published on

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम की पहल और रामकृष्ण मिशन के तत्वावधान में सिलीगुड़ी में स्वामी विवेकानंद की अब तक की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की जा रही है। आगामी 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती के अवसर पर सिलीगुड़ी के झंकार मोड़ में उत्तर बंगाल की सबसे ऊंची 26 फीट ऊंची स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का अनावरण मेयर गौतम देब द्वारा किया जाएगा। उसी दिन सिलीगुड़ी नगर पालिका (1994 से सिलीगुड़ी नगर निगम) के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।

शनिवार को मेयर गौतम देब ने प्रतिमा के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने एक बैठक कर प्लैटिनम जुबली समारोह के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की। जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी नगर पालिका की स्थापना वर्ष 1949 में हुई थी। उस समय हिलकार्ट रोड स्थित एक लकड़ी के मकान से नगर पालिका का संचालन किया जाता था। नगर पालिका के पहले चेयरमैन तत्कालीन महकमा शासक सचिंद्र मोहन गुहा थे। बाद में वर्ष 1994 में नगर पालिका को नगर निगम में परिवर्तित किया गया।

इस निकाय की प्लैटिनम जुबली को लेकर पूरे एक वर्ष तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद की जयंती के दिन से होगी और समापन सितंबर महीने में किया जाएगा। इस बात की जानकारी मेयर गौतम देब ने दी। मेयर ने बताया कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

इसके बाद प्लैटिनम जुबली के अंतर्गत वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इस अवधि में समय-समय पर कई सांस्कृतिक, सामाजिक और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in