

दक्षिण 24 परगना : दक्षिण 24 परगना जिले के गोसाबा में रविवार को भाजपा की बूथ विजय सम्मेलन के दौरान पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष जैसे ही मंच पर चढ़कर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने लगे तभी मंच का एक हिस्सा अचानक धंस गया। संतुलन बिगड़ने से वे गिरने ही वाले थे लेकिन पास खड़े कार्यकर्ताओं ने उन्हें समय रहते संभाल लिया और सुरक्षित नीचे उतार दिया। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मंच निर्माण से जुड़े कर्मचारियों ने बाद में बताया कि एक ही हिस्से पर ज्यादा लोगों के खड़े हो जाने से अत्यधिक दबाव पड़ा, जिससे मंच का वह हिस्सा धंस गया। इस अप्रत्याशित हादसे के बावजूद दिलीप घोष ने कार्यक्रम नहीं छोड़ा। वे मंच के दूसरे सुरक्षित हिस्से पर पहुंचे और वहीं से ‘विजय सम्मेलन’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। इधर, दूसरे कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत में दिलीप घोष ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी हम्प्टी डम्प्टी कहती हैं तो उसमें कोई दोष नहीं माना जाता, लेकिन हम कुछ बोलें तो हमें दोषी ठहरा दिया जाता है। इस राज्य में सबसे ज्यादा परेशान मुसलमान हैं। तृणमूल सरकार ने उन्हें अपराधी बना दिया है और वे पुलिस व प्रशासन के डर से अपनी बात तक नहीं कह पा रहे हैं।