गोबरडांगा की बदहाल सड़कें बनीं लोगों की परेशानी

गड्ढों में तब्दील रास्तों से बढ़ा हादसों का खतरा
गोबरडांगा की बदहाल सड़कें बनीं लोगों की परेशानी
Published on

उत्तर 24 परगना : गोबरडांगा की सड़कों की बदहाली अब लोगों के लिए रोजमर्रा की सबसे बड़ी परेशानी बन चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, टूटी सड़कें और हल्की बारिश के बाद जलभराव की स्थिति ऐसी है कि सड़क और तालाब में फर्क कर पाना मुश्किल हो जाता है। वर्षों से चली आ रही इस समस्या के कारण हजारों स्थानीय लोगों को हर दिन जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। सबसे अधिक मुश्किलों का सामना स्कूली छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों, बुजुर्गों, नौकरीपेशा लोगों तथा टोटो, वैन और रिक्शा चालकों को करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश का पानी गड्ढों को पूरी तरह ढक देता है, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। इससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि लोगों की सुरक्षा भी गंभीर चिंता का विषय बन गई है। ऐसी ही भयावह तस्वीर गोबरडांगा नगरपालिका के वार्ड संख्या 10 स्थित एक प्राथमिक विद्यालय के सामने देखने को मिली। सड़क पर बना विशाल गड्ढा अब छोटे तालाब का रूप ले चुका है। इसी रास्ते से प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल जाना पड़ता है, जिससे अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ रही है। विद्यालय के शिक्षकों का भी कहना है कि खराब सड़क के कारण विद्यार्थियों की आवाजाही में रोजाना बाधा उत्पन्न हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। टोटो, वैन और रिक्शा चालकों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकला है। हर दिन इसी जर्जर सड़क से गुजरना उनकी मजबूरी बन गया है, जिससे समय, श्रम और आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। इस संबंध में गोबरडांगा नगरपालिका की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रशासनिक अधिकारी स्वपन देब से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि सड़क मरम्मत की योजना तैयार कर ली गई है। उनका दावा है कि जल्द मरम्मत का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in