सन्मार्ग संंवाददाता
कोलकाता : नाले का जमा पानी, गंदगी और बदबू, इन सभी समस्याओं से जूझ रहे हैं, दमदम अंडरपास के आस पास दुकान लगाने वाले दुकानदार। इस अंडरपास की स्थिति ऐसी है कि आम दिनों में भी यहां से आने-जाने वाले लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। यहां चारों ओर कचरा फैला हुआ है। यह अवस्था सिर्फ इस समय की नहीं है बल्कि स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक इस अंडरपास की ऐसी स्थिति हमेशा बनी रहती है। हालांकि फिलहाल यहां पानी नहीं जमा है, मगर गंदगी की वजह से बदबू काफी ज्यादा फैली हुई है। इतनी ज्यादा बदबू है कि लोगों का यहां से आना जाना मुश्किल हो गया है। यह अंडरपास वार्ड नंबर 2 में पड़ता है।
बारिश नहीं होने पर भी जमता है पानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां बारिश का महीना नहीं हो तो भी पानी जमा रहता है। उन लोगों के मुताबिक दमदम अंडरपास की जल निकासी व्यवस्था कई वर्षों से खराब स्थिति में है। स्थानीय निवासियों और पैदल यात्रियों की शिकायत है कि कभी-कभी प्रशासनिक निरीक्षण के बाद कुछ अस्थायी उपाय किए जाते हैं, लेकिन इससे कोई स्थायी समाधान नहीं होता है। मरम्मत होने के बाद कुछ दिनों तक स्थिति ठीक रहती है, मगर फिर वही ढाक के तीन पात।
दिन के उजाले में भी रहता है अंधेरा
इस अंडरपास में दिन के उजाले में भी अंधेरा छाया रहता है। हालांकि यहां कई लाइटें लगी हुई हैं, मगर ज्यादातर खराब हैं। यह जगह शहर के मुख्य केंद्रों में से एक माना जाता है, यहां पूरे दिन लोगों की चहल-पहल रहती है। ऑफिस आवर में तो यहां जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इन सबके बावजूद यहां की स्थिति को सुधारने के प्रति नगर निगम व प्रशासन उदासीन है।
दिन के उजाले में भी लेना पड़ता है लाइटों का सहारा
इस अंडरपास के नीचे दुकान लगाए दुकानदारों काे भी दिन के उजाले में लाइट लगाकर दुकान चलानी पड़ती है। बिना लाइट के दुकान को चलाना तो अलग यहां चलना तक मुश्किल है। यहां गंदगी व पानी जमने की समस्या के अलावा इस अंडरपास की अवस्था काफी जर्जर बनी हुई है।
कई बार हो चुकी हैं दुर्घटनाएं
यहां बारिश के मौसम में अत्यधिक पानी जमने की वजह से कई बार बाइक सवार फिसलकर गिर जाते हैं। उन्हें चोटें लग जाती है। इसके अलावा पानी जम जाने के बाद कचरा तैरने लगता है और इस दौरान किसी का पैर उसपर पड़ जाता है, तो वह फिसलकर गिर जाता है। यहां ऐसी घटनाएं कई बार हो चुकी हैं।
क्या कहा दुकानदारों ने
यहां बीते 15 सालों से दुकान लगा रहे राज ने कहा कि यहां की यह स्थिति काेई नई बात नहीं है, यह सालों से इसी अवस्था में है। कई बार इस जगह की मरम्मत करवायी गयी है, मगर कोई ठोस समाधान नहीं निकला। कुछ दिनों पहले भी सड़क की मरम्मत करवायी गयी थी, मगर फिर कई जगहों पर गड्ढे बन गए हैं और सड़क टूट गई है। इस संबंध में दक्षिण दमदम पालिका की चेयरपर्सन से संपर्क करने की कोशिश की गई, मगर उनसे संपर्क नहीं हो सका।