सोनारपुर में अज्ञात युवक का शव बरामद

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

सोनारपुर : दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर थाना क्षेत्र के इलाची इलाके में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने एक खाल (नाले) में युवक का शव तैरता हुआ देखा। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद सोनारपुर थाने की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला और प्राथमिक जांच शुरू की। युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन उसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत डूबने से हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए विद्यासागर स्टेट जनरल अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक को इलाके में पहले कभी नहीं देखा गया था, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह आसपास का निवासी नहीं है। पुलिस ने युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आस-पास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट भी मंगवाई है। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक आखिरी बार किसके साथ और किस दिशा से आया था। इलाके में अचानक मिली लाश से स्थानीय लोग भयभीत हैं, हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग करने की अपील की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यदि यह कोई आपराधिक मामला है, तो जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान और उसकी मौत के पीछे की असल वजह जानने की कोशिश कर रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in