

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने रविवार को चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य की जनता अब मौजूदा सरकार के विसर्जन के लिए पूरी तरह तैयार है और आने वाले चुनाव में बदलाव तय है। शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा अपनी घोषित योजनाओं को तय समय के भीतर लागू करेगी। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो परिणाम घोषित होने के बाद सातवें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा। इसके साथ ही अन्नपूर्णा भंडार योजना शुरू की जाएगी, महिलाओं को विशेष अवसर प्रदान किए जाएंगे और प्रवासी श्रमिकों की मदद के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। भट्टाचार्य ने कहा कि नई सरकार किसानों की भागीदारी को विशिष्ट उद्योगों में सुनिश्चित करेगी तथा सरकारी संस्थानों में भ्रष्टाचार पर सख्ती से रोक लगाएगी। जिन लोगों की जमीन के पट्टे छीने गए हैं, उनकी भी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार सबके लिए सरकार होगी और राज्य में घृणा व हिंसा की राजनीति को समाप्त किया जाएगा। जो लोग समाज में नफरत फैलाने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुरोहितों के भत्ते में बढ़ोतरी के राज्य सरकार के फैसले पर उन्होंने कहा कि जिन लोगों को यह भत्ता दिया जा रहा है, वे भी जानते हैं कि यह पैसा उनका ही है। वहीं सरकारी कर्मचारियों के डीए (महंगाई भत्ता) की घोषणा को उन्होंने राजनीतिक कदम बताया। दो चरणों में चुनाव कराए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और निर्विघ्न चुनाव सुनिश्चित करने के लिए लोगों का चुनाव आयोग पर भरोसा है और पार्टी इस निर्णय का भी स्वागत करती है।