रेल परियोजनाओं को पूरा करने में बंगाल सरकार सहयोग करे : रेल मंत्री

अश्विनी वैष्णव
अश्विनी वैष्णव
Published on

चिंगरीघाटा क्रॉसिंग पर 366 मीटर लंबे वायडक्ट के निर्माण में हो रही देरी का उल्लेख

प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को पश्चिम बंगाल सरकार से राज्य में चल रही और प्रस्तावित रेलवे परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए केंद्र सरकार के साथ सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने यह टिप्पणी बीरभूम के सिउरी और पश्चिम बर्धमान जिले के कुमारपुर में दो सड़क ओवरब्रिज का ऑनलाइन उद्घाटन करने तथा आसनसोल–बोकारो एमईएमयू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाने के बाद की। रेल मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से धन की कोई कमी नहीं होगी, लेकिन इसके लिए राज्य सरकार का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अहम रेलवे परियोजनाएं भूमि की अनुपलब्धता और स्थानीय प्रशासन से जरूरी अनुमतियां न मिलने के कारण अटकी हुई हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। रेलमंत्री ने कहा कि मैं पश्चिम बंगाल के विकास के लिए राज्य सरकार से हाथ जोड़कर सहयोग करने का अनुरोध करता हूं। उन्होंने कोलकाता मेट्रो के न्यू गड़िया–हवाई अड्डा कॉरिडोर में चिंगरीघाटा क्रॉसिंग पर 366 मीटर लंबे वायडक्ट के निर्माण में हो रही देरी का खास तौर पर उल्लेख किया। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश और मेट्रो अधिकारियों द्वारा वैकल्पिक सड़क बनाए जाने के बावजूद राज्य सरकार निर्माण की अनुमति नहीं दे रही है, जिससे सॉल्ट लेक सेक्टर-5 जैसे आईटी हब को जोड़ने वाली इस अहम परियोजना में बाधा आ रही है। रेल मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2026–27 के बजट में पश्चिम बंगाल के लिए रेलवे अवसंरचना और सुरक्षा परियोजनाओं हेतु 14,205 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा राज्य में पटरी बिछाने, स्टेशन पुनर्विकास और सुरक्षा सुधार से जुड़े लगभग 92,974 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। अश्विनी वैष्णव ने उत्तर बंगाल के ‘चिकन नेक’ गलियारे में एक भूमिगत रेल मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की, जिससे रणनीतिक समय में सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित किया जा सकेगा। वहीं, पूर्वी मेदिनीपुर के नंदीग्राम को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली प्रस्तावित रेलवे लाइन के लिए भी उन्होंने राज्य सरकार से सहयोग मांगा। इस मौके पर विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि कुमारपुर रोड ओवरब्रिज और आसनसोल–बोकारो ट्रेन सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन 10 फरवरी से रोजाना सुबह 7 बजे चलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आसनसोल के लोगों का पुराना सपना पूरा करने के लिए आभार जताया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in