

पानीहाटी : पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष के गिरफ्तार बेटे तीर्थंकर घोष को शनिवार की सुबह पुलिस ने जांच के सिलसिले में पानीहाटी के विभिन्न इलाकों में घुमाया। पुलिस सुरक्षा के बीच उसे इलाके में ले जाए जाने के दौरान स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। कुछ लोगों ने तीर्थंकर के खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। साथ ही, फरार चल रहे निर्मल घोष की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले खड़दह थाने की पुलिस ने तीर्थंकर घोष को गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लॉटरी से जुड़े मामले समेत कई आरोपों की जांच के तहत उससे पूछताछ की जा रही है। मालूम हो कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद निर्मल घोष और उनके बेटे के खिलाफ कई आरोप सामने आए हैं। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई राजनीतिक हिंसा से जुड़े एक मामले में भी तीर्थंकर घोष का नाम सामने आया था। इसके अलावा, एक कार चालक के लॉटरी में करोड़ों रुपये जीतने के बाद कथित तौर पर रकम हड़पने के आरोप को लेकर भी पिता-पुत्र के खिलाफ जांच चल रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।