

बनगांव : उत्तर 24 परगना के बनगांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक नाबालिग से लंबे समय तक कथित दुष्कर्म करने के आरोप में उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, घटना की जानकारी होने के बावजूद विरोध नहीं करने और आरोपी का साथ देने के आरोप में पीड़िता की मां को भी बनगांव थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को सोमवार को बनगांव अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसी दिन पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा अदालत में उसका गोपनीय बयान भी दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पीड़िता की मां का तीसरा पति है। महिला अपनी पहली शादी से हुई बेटी को साथ लेकर तीसरे पति के साथ रह रही थी। बताया गया कि हाल ही में पीड़िता एक रिश्तेदार के घर गई, जहां उसने अपने साथ हो रहे अत्याचार की पूरी जानकारी दी। इसके बाद रविवार रात रिश्तेदार ने बनगांव थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और सोमवार को आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया।