लापता युवक की तलाश में जुटे स्निफर डॉग और आपदा प्रबंधन बल

आपदा प्रबंधक बल के सदस्य लापता युवक को नदी से तलाशते हुए
आपदा प्रबंधक बल के सदस्य लापता युवक को नदी में तलाशते हुए
Published on

हुगली : बांसबेड़िया महाकालीतला के निवासी लक्ष्मण चौधरी (32) पिछले छह दिनों से लापता हैं। उनके अचानक गायब हो जाने से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने स्निफर डॉग और आपदा प्रबंधन बल की मदद से खोज अभियान शुरू कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण चौधरी को उनका दोस्त शिवनाथ साव उर्फ शिबू एक क्लब में बुलाकर ले गया था। इसके बाद से लक्ष्मण का कोई अता-पता नहीं है और वह रात भर घर नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद परिजनों ने मोगरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिवनाथ साव को गिरफ्तार किया और चुंचुड़ा अदालत में पेश किया, जहां से उसे 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही है कि आखिर लक्ष्मण चौधरी कहां गया और उसके साथ क्या हुआ। इसी बीच, पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को झुलुनिया मोड़ पर लक्ष्मण के परिजन और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है और अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। बाद में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए बैरकपुर से स्निफर डॉग मंगवाए। जिस क्लब में लक्ष्मण को आख़िरी बार ले जाया गया था, वहां और उसके घर के आसपास कुत्तों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। साथ ही, पंचननतला गंगा घाट पर आपदा प्रबंधन बल द्वारा स्पीड बोट और गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में भी तलाश की गई। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और हर संभव प्रयास कर रहे हैं ताकि लक्ष्मण को जल्द से जल्द खोजा जा सके। हालांकि, अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in