

बारासात : बारासात अंतर्गत अशोकनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 लीटर 800 मिलीलीटर अवैध देसी शराब बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिलने के बाद दौलतपुर इलाके में विशेष अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान अवैध देसी शराब की खरीद-बिक्री करते हुए असित बरण अधिकारी (42) को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी दौलतपुर इलाके का ही निवासी बताया गया है।पुलिस ने बरामद अवैध शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बारासात अदालत में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।