मनीष शुक्ला हत्याकांड: 6 साल बाद पिता ने निर्मल घोष के खिलाफ टीटागढ़ थाने में दी नई शिकायत

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

बैरकपुर : बीजेपी नेता मनीष शुक्ला हत्याकांड में करीब छह साल बाद एक बार फिर नया मोड़ सामने आया है। पूर्व विधायक निर्मल घोष की गिरफ्तारी के बाद मनीष शुक्ला के पिता चंद्रमणि शुक्ला ने रविवार को टीटागढ़ थाने में उनके खिलाफ नई शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि इससे पहले भी निर्मल घोष के खिलाफ शिकायत की गई थी, लेकिन उस समय उनसे पूछताछ नहीं की गई। बता दें कि 4 अक्टूबर 2020 को बैरकपुर के चिड़ियामोड़ के पास पार्टी कार्यालय के सामने मनीष शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस के सामने व्यक्तिगत दुश्मनी का एंगल आया था, जिसके आधार पर मोहम्मद खुर्रम खान और गुलाब शेख को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, जांच आगे बढ़ने के साथ हत्याकांड के पीछे राजनीतिक साजिश की आशंका भी जताई गई। मनीष शुक्ला की हत्या के बाद तत्कालीन बैरकपुर सांसद अर्जुन सिंह ने तत्कालीन तृणमूल विधायक निर्मल घोष पर हत्याकांड में मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप लगाया था। अब निर्मल घोष की गिरफ्तारी के बाद मनीष शुक्ला के पिता ने मामले की दोबारा जांच की मांग की है। नई शिकायत के जरिए उन्होंने हत्याकांड में निर्मल घोष की कथित भूमिका की जांच करने और मामले में आगे की कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in