शीतलकुची हादसा : भाजपा ने तृणमूल सरकार को ठहराया जिम्मेदार

शीतलकुची सेतु का दृश्य
शीतलकुची सेतु का दृश्य
Published on

कोलकाता : कूचबिहार जिले के शीतलकुची अंतर्गत लालबाजार ग्राम पंचायत के बारोमासी इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। भारी मालवाहक डंपर के गुजरने के दौरान गिरिधारी सेतु अचानक भरभरा कर ढह गया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है। इस हादसे के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। भाजपा ने तृणमूल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे भ्रष्टाचार और लापरवाही का नतीजा बताया है। भाजपा ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा कि शीतलकुची सेतु का गिरना इस बात का एक और प्रमाण है कि तृणमूल सरकार का तथाकथित विकास केवल कागजों और पोस्टरों तक सीमित है। भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्य में बनाए गए पुल, सड़कें और अन्य ढांचे भ्रष्टाचार, गबन और घटिया निर्माण कार्य की बुनियाद पर खड़े हैं। यही वजह है कि बंगाल में जगह-जगह जर्जर पुल, जंग लगे स्ट्रक्चर और टूटता हुआ इंफ्रास्ट्रक्चर देखने को मिल रहा है। जहां आम लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए, वहां सरकार की घोर लापरवाही साफ नजर आती है। भाजपा की ओर से कहा गया कि प्रशासन को बार-बार चेतावनी देने के बावजूद समय रहते मरम्मत और निगरानी नहीं की जाती और जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हो जाता, तब तक सरकार जागती नहीं है। पार्टी ने चेतावनी दी कि अब राज्य के लोग ऐसी लापरवाही और भ्रष्टाचार को और बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह बदलाव का समय है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in