सांकेतिक तस्वीर
पश्चिम बंगाल
सड़क पर गिराकर माकपा कार्यकर्ता की पिटाई का आरोप
पानीहाटी के तरुणपल्ली की घटना
भाजपा समर्थक समेत कई लोगों पर हमले का आरोप
प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
उत्तर 24 परगना :
पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड संख्या 35 के अंतर्गत सोदपुर नाटागढ़ स्थित तरुणपल्ली इलाके में माकपा के एक कार्यकर्ता को सड़क पर गिराकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल व्यक्ति की पहचान माकपा की एक नंबर शाखा के सचिव और पेशे से बीमा एजेंट बिप्लब कीर्तनिया के रूप में हुई है। बिप्लब के अनुसार, वह अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे और रास्ते में तरुणपल्ली मोड़ के पास कुछ परिचितों से बातचीत कर रहे थे। तभी आरोप है कि इलाके के ही एक भाजपा समर्थक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बिप्लब के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले पानीहाटी राजकीय सामान्य अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। करीब एक दिन तक चले इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई। अस्पताल से घर लौटने के बाद बिप्लब ने स्पष्ट किया कि उनका सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक विशिष्ट व्यक्ति उन्हें लगातार धमकियां दे रहा था और उसी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर इस मारपीट को अंजाम दिया। घटना को लेकर माकपा के पानीहाटी तीन नंबर एरिया कमेटी के सचिव आशुतोष बोस ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले की शिकायतों के बावजूद कई मामलों में उचित कार्रवाई नहीं होती है। इधर, मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। आरोपियों की ओर से घोला थाने में आठ माकपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी गयी है। भाजपा नेतृत्व ने घटना को राजनीतिक विवाद मानने से इनकार किया है। उनका दावा है कि यह स्थानीय स्तर का आपसी विवाद है, जिसे राजनीतिक रूप दिया जा रहा है। फिलहाल घोला थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

