

बैरकपुर : कांकीनाड़ा के रथतल्ला राजलक्ष्मी बालिका विद्यामंदिर में मिड-डे मील की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर गुरुवार को छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्राओं ने स्कूल परिसर में अपनी नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापिका के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रदर्शनकारी छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में नियमित रूप से ऐसा चावल परोसा जा रहा है, जिसकी गुणवत्ता ठीक नहीं है और उसे खाना मुश्किल होता है। छात्राओं ने स्कूल में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि इन समस्याओं की जानकारी पहले भी प्रधानाध्यापिका को दी गई थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लंबे समय से स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण छात्राओं ने सामूहिक रूप से प्रदर्शन करने का फैसला किया। छात्राओं ने साफ किया कि यदि जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और व्यापक करेंगी। साथ ही पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने की चेतावनी भी दी।