

छात्रा को छत से फेंकने की धमकी देने का आरोप लगाकर किया हमला
गोबरडांगा : उत्तर 24 परगना के गोबरडांगा में एक स्कूल की शिक्षिकाओं के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप स्कूल की एक पूर्व छात्रा, उसकी बहन और मां पर लगा है। घटना के बाद शिक्षिकाओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि गोबरडांगा गर्ल्स हाई स्कूल में एक पूर्व छात्रा अचानक पहुंची और अपनी बहन के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए एक शिक्षिका से विवाद करने लगी। आरोप है कि इसके बाद उसने शिक्षिका के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसकी बहन और मां पर भी शिक्षिकाओं को धमकाने और हमला करने के आरोप लगे हैं। पूर्व छात्रा का दावा है कि उसकी बहन को एक शिक्षिका ने कथित तौर पर धमकी दी थी कि उसे छत से नीचे फेंक दिया जाएगा। हालांकि, स्कूल की शिक्षिकाओं ने इस आरोप को खारिज किया है। उनका कहना है कि संबंधित छात्रा पूरे साल में महज दो दिन स्कूल आई थी, ऐसे में उसके साथ इस तरह की घटना होने की बात समझ से परे है। घटना को लेकर स्कूल प्रशासन ने गोबरडांगा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्कूल की प्रधान शिक्षिका ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि 31 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी। यह घटना ऐसे समय सामने आयी है जब कुछ दिन पहले जलपाईगुड़ी के एक स्कूल में प्रधान शिक्षक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्कूलों में शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।