

प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
नैहाटी : तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से आर्थिक संकट का सामना कर रहे नैहाटी नगरपालिका के सफाईकर्मियों ने मंगलवार को काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारी नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (ईओ) के कक्ष के सामने धरने पर बैठ गए। जानकारी के मुताबिक, वे पिछले सात दिनों से काम बंद रखे हुए हैं। इसके चलते शहर के कई इलाकों में कूड़ा उठाव प्रभावित हुआ है और जगह-जगह कचरे के ढेर लगने लगे हैं। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि वे परिवार के भरण-पोषण के लिए पूरी तरह अपनी नौकरी पर निर्भर हैं। लगातार तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण रोजमर्रा का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। एक सफाईकर्मी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि इतना बड़ा पर्व राखी भी बीत गया, लेकिन अब तक वेतन नहीं मिला। हम मजबूर हैं। पेट में भात होगा, तभी तो काम कर पाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। उनका दावा है कि वेतन मिलते ही वे दोबारा काम शुरू कर देंगे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आंदोलन की जानकारी नगरपालिका अधिकारियों को होने के बावजूद अब तक उनसे बातचीत के लिए कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। सफाईकर्मियों ने बकाया वेतन के भुगतान के साथ भविष्य में समय पर वेतन देने, पीएफ की सुविधा सुनिश्चित करने और मेडिकल क्लेम की व्यवस्था करने की भी मांग की है। कर्मचारियों के अनुसार, नैहाटी नगरपालिका में करीब 700 से 800 सफाईकर्मी कार्यरत हैं।