

क्रेडिट कार्ड से भी रकम निकालने की कोशिश
बैरकपुर : टीटागढ़ में साइबर ठगों ने आईसीआईसीआई बैंक का प्रतिनिधि बनकर एक बुजुर्ग को Senior Citizen Pension Card दिलाने का झांसा दिया और उनके खाते से 1,37,003 रुपये निकाल लिये। आरोपियों ने क्रेडिट कार्ड से भी 1,00,002 रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन ट्रांजेक्शन असफल रहा। पुलिस के अनुसार, सुकांतपल्ली निवासी दीपेंद्र नाथ घोष ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें 21 अगस्त को एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी बताते हुए पेंशन कार्ड से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी और बैंक खाते का विवरण मांगा। शिकायतकर्ता ने खाता नंबर देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने वॉट्सऐप पर एक आईसीआईसीआई बैंक खाते का नंबर भेजा। बाद में उनके खाते से उक्त रकम निकाल ली गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने किसी को OTP नहीं बताया था। घटना के बाद उन्होंने NCRP पर शिकायत दर्ज कराने के साथ टीटागढ़ थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।