

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया काे लेकर एक बार फिर विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि पांडुआ तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष संजय घोष शांतिपूर्ण एसआईआर सुनवाई में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। उनके अनुसार, संजय घोष न सिर्फ इलाके के लोगों को एसआईआर के खिलाफ भड़का रहे हैं बल्कि चुनाव आयोग के अधिकारियों को भी खुले तौर पर धमका रहे हैं। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि तृणमूल को डर है कि यदि वोटर लिस्ट पारदर्शी हुई, तो नकली वोटर, मृत व्यक्तियों के नाम और अवैध रूप से दर्ज किए गए रोहिंग्या-बांग्लादेशी वोटरों के नाम हट जाएंगे। यही वजह है कि तृणमूल के नेता एसआईआर को लेकर बेचैन हैं और उसे रोकने के लिए हर संभव दबाव बना रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इन तमाम कोशिशों के बावजूद तृणमूल अपने मंसूबों में सफल नहीं होगी। शुभेंदु अधिकारी का दावा है कि अगर वोटर लिस्ट साफ-सुथरी और पारदर्शी बनी, तो आने वाले विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की सत्ता में वापसी मुश्किल हो जाएगी।