संदेशखाली में मिठू सरदार का विरोध, महिलाओं ने घेरकर फेंके अंडे

संदेशखाली में मिठू सरदार का विरोध, महिलाओं ने घेरकर फेंके अंडे
Published on

संदेशखाली : संदेशखाली में मंगलवार को शाहजहां शेख की करीबी बताई जाने वाली तृणमूल नेत्री मिठू सरदार को स्थानीय महिलाओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सड़क पर उन्हें देखते ही महिलाओं ने घेर लिया और अंडे फेंककर अपना गुस्सा जाहिर किया। स्थिति बिगड़ती देख मिठू एक दुकान के अंदर चली गईं, लेकिन वहां भी महिलाओं ने उनका पीछा किया। मिठू सरदार संदेशखाली-1 ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस की सभानेत्री और पंचायत समिति की सदस्य हैं। स्थानीय लोगों ने उन पर राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर भ्रष्टाचार करने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के लाखों रुपये की राशि में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया है। राशन भ्रष्टाचार मामले में ईडी की कार्रवाई के दौरान शाहजहां शेख के घर पर अधिकारियों पर हुए हमले के मामले में भी मिठू को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा उनके खिलाफ आर्थिक अनियमितताओं समेत कई अन्य आरोप लगाए गए हैं। कुछ दिन पहले ही उन्हें जेल से रिहाई मिली थी। रिहाई के बाद मंगलवार को पहली बार घर से निकलने पर स्थानीय महिलाओं ने उन्हें घेर लिया। विरोध के दौरान अंडे फेंके जाने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। किसी तरह वहां से निकलने के बाद मिठू ने दुकान में शरण ली, लेकिन महिलाओं का विरोध वहां भी जारी रहा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in