

बैरकपुर : होटल में अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर मोहनपुर थाने की पुलिस ने छापेमारी कर कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने होटल स्वीट ड्रीम से तीन नाबालिग लड़कियों को बरामद करने के साथ ही मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत मोहनपुर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर शाम होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसीपी टुटुल विश्वास (डब्ल्यूबीपीएस) के नेतृत्व और निगरानी में मोहनपुर थाने की टीम ने होटल में छापेमारी की। तलाशी के दौरान तीन नाबालिग लड़कियां मिलीं। पुलिस ने मौके से कथित तौर पर इस गतिविधि से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित संरक्षण में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। बुधवार को मोहनपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को बैरकपुर अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में चल रही कथित गतिविधियों के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इस नेटवर्क का संचालन किस तरह किया जा रहा था।