

बारानगर : उत्तर 24 परगना के बारानगर में रविवार को लगे पोस्टरों ने स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी। इन पोस्टरों के जरिए तृणमूल कांग्रेस के किसी भी पार्षद, नेता या कथित असामाजिक तत्व को भाजपा में शामिल न करने की मांग की गई है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बारानगर भाजपा विधायक सजल घोष ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि ये पोस्टर किसने लगाए हैं, लेकिन इनमें व्यक्त की गई भावना उनके विचारों से मेल खाती है। उन्होंने कहा कि मैं उनका स्वागत करता हूं। वर्षों तक भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हुए, उनका खून बहाया गया और उन्हें प्रताड़ित किया गया। ऐसे में मैं भी उन लोगों को पार्टी में शामिल किए जाने के पक्ष में नहीं हूं, जिन्हें जनता ने मतदान के जरिए नकार दिया है।