नोआपाड़ा में सट्टे के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 6 गिरफ्तार

लकी नंबर के नाम पर लगाया जा रहा था दांव
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

नोआपाड़ा : नोआपाड़ा थाना क्षेत्र के पिंकल मोड़ में चल रहे सट्टे के एक अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, टिन से बने एक अस्थायी कमरे में बिना किसी वैध अनुमति के लॉटरी के नाम पर सट्टा चलाया जा रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार को एएसआई पिंटू भट्टाचार्य को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की। शाम करीब 4.40 बजे टीम बताए गए कमरे तक पहुंची। वहां मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने राजेश मल्लहा, टिंकू कपूर, प्रवीण लोकरा, सोनू सिंह, जॉय बरुआ और शंकर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कमरे में एक सफेद बोर्ड पर 01 से 10 तक नंबर लिखे जाते थे। ग्राहक अपनी पसंद के नंबर पर रुपये लगाते थे। करीब डेढ़ घंटे बाद इनमें से किसी एक नंबर को परिणाम घोषित किया जाता था। जिस व्यक्ति का चुना हुआ नंबर परिणाम से मिल जाता, उसे दांव की रकम का 9 गुना भुगतान किया जाता था। यानी 10 रुपये लगाने पर जीत की स्थिति में 90 रुपये मिलते थे। नंबर नहीं मिलने पर लगाई गई रकम वापस नहीं की जाती थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in