

खड़दह : रात के अंधेरे में हथियारों के साथ जुटे बदमाशों की कथित डकैती की योजना पर खड़दह पुलिस ने पानी फेर दिया। एमजी रोड के बड़ो गांधी मोड़ इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से चॉपड़, दो हंसुआ, आरी ब्लेड और लोहे का साबल बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी टीटागढ़ सीईएससी इलाके में डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार की रात करीब 10.15 बजे सूचना मिली थी कि बड़ो गांधी मोड़ के पास कुछ लोग संदिग्ध तरीके से जमा हैं और उनके पास हथियार हैं। इसके बाद पुलिस टीम करीब 10.45 बजे एमजी रोड पहुंची। वहां अंधेरे में 14-16 लोगों को एक साथ खड़े होकर धीमी आवाज में बातचीत करते देखा गया। पुलिस की मौजूदगी का एहसास होते ही सभी वहां से भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर पांच लोगों को पकड़ लिया, जबकि 9-11 संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित दास (23), कलीमुद्दीन अली (39), दिनेश धाइकर (30), मोहन (32) और तापस राय चौधरी (60) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान रोहित के पास से चॉपड़, कलीमुद्दीन के पास से हंसुआ, दिनेश के पास से आरी ब्लेड, मोहन के पास से बड़ा हंसुआ और तापस के पास से लोहे का साबल मिला। सभी हथियार जब्त कर लिये गये हैं। खड़दह थाने में मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।