डकैती से पहले पुलिस का एक्शन, हथियारों के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

मेघना जूट मिल परिसर में 8-9 बदमाशों के जुटने की सूचना पर छापा, छह-सात आरोपी मौके से फरार
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

जगदल : जगदल इलाके में डकैती की वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश रच रहे बदमाशों के जमावड़े की सूचना पर जगदल थाने की पुलिस ने देर रात छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो लोहे की रॉड बरामद की हैं। हालांकि, मौके पर मौजूद छह-सात अन्य संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त की रात करीब 12:15 बजे एंटी क्राइम पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली कि जगदल थाना क्षेत्र के मेघना जूट मिल परिसर में आठ-नौ बदमाश घातक हथियारों के साथ जमा हैं और आसपास के इलाके में डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल जूट मिल परिसर में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि उनके अन्य साथी फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भाटपाड़ा के कांकीनाड़ा नया बाजार निवासी मोहम्मद सिराज (36) और जगदल थाना क्षेत्र के श्यामनगर बीआरएस इलाके के रहने वाले पलाश कर्मकार (47) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान सिराज के दाहिने हाथ से करीब ढाई फुट लंबी लोहे की रॉड बरामद की गई। वहीं, पलाश के पास से करीब दो फुट सात इंच लंबी ‘एस’ आकार की लोहे की रॉड मिली। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी इन हथियारों को रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों हथियारों को जब्त कर लिया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in