

कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर रविवार को एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक महिला, आदिवासी नेता और देश की राष्ट्रपति के साथ हुए इस व्यवहार को लेकर बंगाल की जागरूक जनता तृणमूल कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। दिल्ली में मेट्रो के दो नए कॉरिडोर और अन्य विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है, ऐसे समय में पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के साथ हुआ व्यवहार बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू संथाल आदिवासी परंपरा से जुड़े एक महत्वपूर्ण समारोह में भाग लेने के लिए पश्चिम बंगाल गई थीं, लेकिन तृणमूल सरकार ने राष्ट्रपति और आदिवासी समाज के इस कार्यक्रम का बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति स्वयं आदिवासी समाज से आती हैं और उन्होंने हमेशा संथाल आदिवासी समाज के विकास को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने तृणमूल सरकार पर कार्यक्रम को लेकर बदइंतजामी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की अनदेखी करना न केवल राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि देश के संविधान और उसकी भावना का भी अपमान है। यह लोकतंत्र की महान परंपराओं के भी खिलाफ है। जिन्होंने जीवन के संघर्ष से तपकर ऊंचाई हासिल की है, ऐसी हर बहन-बेटी का भी यह अपमान है।
सत्ता का अहंकार बहुत ही जल्द चूर-चूर होकर रहेगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे देश में कहा जाता है कि अहंकार में चूर व्यक्ति चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः उसका पतन निश्चित होता है। एक आदिवासी राष्ट्रपति का अपमान करने वाली तृणमूल की यह गंदी राजनीति और सत्ता का अहंकार बहुत जल्द चूर-चूर हो जाएगा।