अस्पताल से आधार कार्ड लाने निकली मरीज की गेट पर मौत, हंगामा

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उठाए सवाल, पुलिस ने शुरू की जांच
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

बनगांव : बनगांव महकमा अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची एक महिला मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर सोमवार को भारी उत्तेजना फैल गई। मृतका की पहचान उत्तर 24 परगना के बनगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणी खेदापाड़ा निवासी रेनू मंडल के रूप में हुई है। परिजनों ने घटना को लेकर अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। परिवार के अनुसार, रेनू मंडल की तबीयत खराब होने पर उन्हें सोमवार दोपहर बनगांव महकमा अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान उनकी बहन से आधार कार्ड मांगा गया। इसके बाद किसी तरह रेनू मंडल स्वयं अस्पताल से बाहर निकलकर अपना आधार कार्ड लाने के लिए घर की ओर जाने लगीं। बताया गया है कि अस्पताल के मुख्य द्वार के समीप पहुंचते ही उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सकों ने तत्काल उनकी जांच की, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतका की बहन का दावा है कि अस्पताल में भर्ती कराते समय रेनू मंडल की स्थिति इतनी गंभीर नहीं थी। उन्होंने सवाल उठाया कि एक मरीज को इस अवस्था में अस्पताल से बाहर कैसे जाने दिया गया। वहीं, आपातकालीन विभाग के चिकित्सकों का कहना है कि भर्ती की आवश्यक प्रक्रिया के तहत मरीज के परिजन से पहचान पत्र मांगा गया था। चिकित्सकों के अनुसार, रेनू मंडल अस्पताल के बिस्तर से उठकर बाहर कैसे चली गईं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही बनगांव थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in