

गढ़बेता : केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘परिवर्तन यात्रा’ से पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार का अंतत: पतन होगा। उन्होंने रेखांकित किया कि राज्य में विकास की गति को तेज करने के लिए ‘डबल इंजन’ वाली भाजपा सरकार सत्ता में आएगी। प्रधान ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले में ‘ परिवर्तन यात्रा’ को हरी झंडी दिखाने से पहले संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि तृणमूल कथित तौर पर पश्चिम बंगाल की जनसांख्यिकी में बदलाव कर इसे ‘पश्चिम बांग्लादेश’ बनाना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य का हर सही सोच रखने वाला नागरिक अब अपनी सुरक्षा और अस्तित्व के लिए ममता बनर्जी की इस सरकार को हटाना चाहता है, और ‘परिवर्तन यात्रा’ उस बहुप्रतीक्षित बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेगी।’’
प्रधान ने कहा, ‘‘बंगाल के लोगों को 34 वर्षों के वामपंथी कुशासन के बाद 2011 में ‘परिवर्तन’ की उम्मीद थी। हालांकि, वामपंथी सत्ता से हट गए, लेकिन उनकी स्थिति और भी बदतर हो गई।’’
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि बंगाल में सत्ता में आने के बाद, ‘‘डबल इंजन’ वाली भाजपा सरकार तृणमूल के शासनकाल में ठप पड़ी विकास प्रक्रिया को गति देगी, आर्थिक विकास, रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।’’
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी और अन्य भाजपा नेताओं ने भी इस यात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि नौ परिवर्तन यात्राएं कूच बिहार, कृष्णानगर, कुल्टी, गढ़बेटा, रायदीघी, इस्लामपुर, हसन, संदेशखलि और आमता से शुरू होकर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से गुजरेंगी और अंत में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक रैली के साथ समाप्त होंगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संबोधित किए जाने की उम्मीद है।
पार्टी के एक नेता ने कहा कि 5,000 किलोमीटर की यह जनसंपर्क पहल जन संपर्क अभियान और संगठनात्मक परीक्षण दोनों के रूप में तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य बूथ स्तर के जमीनी कार्य को सड़क पर लामबंदी में बदलना है। उन्होंने बताया कि ‘परिवर्तन यात्रा’ के दौरान भाजपा ने 294 विधानसभा क्षेत्रों में 1 से 1.5 करोड़ लोगों तक प्रत्यक्ष रूप से संपर्क करने की योजना बनाई है।