

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित सभाओं में पार्टी नेताओं ने तृणमूल सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए राजनीतिक बदलाव की जरूरत पर जोर दिया। इस दौरान कई वरिष्ठ नेताओं ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था, विकास और घुसपैठ जैसे मुद्दों को उठाया और लोगों से परिवर्तन के लिए आगे आने की अपील की।
तृणमूल सरकार ने बंगाल को घुसपैठियों के लिए सुरक्षित स्थान बना दिया है : नायब सिंह सैनी
दक्षिण 24 परगना संभाग में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बंगाल एक सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राज्य है और यहां की मिट्टी तथा यहां के लोग पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि इसी पवित्र भूमि ने देश को अमर गीत “वंदे मातरम्” दिया है। सैनी ने कहा कि परिवर्तन यात्रा बंगाल में बदलाव की एक बड़ी पहल है और राज्य के लोगों को एकजुट होकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने दक्षिण 24 परगना के मछुआरों और किसान परिवारों की कड़ी मेहनत का उल्लेख करते हुए कहा कि वे अपनी आजीविका के लिए लगातार संघर्ष करते हैं, लेकिन राज्य सरकार की नीतियों के कारण उन्हें अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सैनी ने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया है और राज्य को घुसपैठियों के लिए सुरक्षित स्थान बना दिया है।
शमीक ने तृणमूल सरकार पर लगाया अवैध घुसपैठ कराने का आरोप
बर्दवान संभाग में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि बंगाल में तृणमूल सरकार का अंत निकट है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट बैंक को बनाए रखने के लिए राज्य सरकार बंगाल के भविष्य को खतरे में डाल रही है। भट्टाचार्य ने हालिया राजनीतिक बयानों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि कुछ क्षेत्रों में जनसंख्या के आधार पर विभाजनकारी टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे समाज में तनाव पैदा हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य की राजनीति में ऐसे बयान दिए गए हैं, जो सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करते हैं।
तृणमूल सरकार बंगाल को ‘पश्चिम बांग्लादेश’ में बदलना चाहती है : राहुल सिन्हा
नवद्वीप संभाग में आयोजित सभा में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने भी राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार पश्चिम बंगाल को “पश्चिम बांग्लादेश” में बदलना चाहती है। ममता बनर्जी की हालिया टिप्पणी का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने हिंदुओं को यह कहकर धमकी दी कि यदि एक विशेष समुदाय उन्हें घेर ले तो वे नष्ट हो जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा बंगाल में एक भी अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए को नहीं रहने देगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि बांग्लादेश से धार्मिक उत्पीड़न के कारण आए हर शरणार्थी की भाजपा रक्षा करेगी। भाजपा नेताओं ने जनसभाओं के दौरान लोगों से बड़ी संख्या में 14 मार्च को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल होने का आह्वान किया।