छात्राओं से कथित अश्लील हरकत के आरोप में शिक्षक के खिलाफ फूटा अभिभावकों का गुस्सा

अभिभावकों ने की आरोपी शिक्षक की पिटाई
छात्राओं से कथित अश्लील हरकत के आरोप में शिक्षक के खिलाफ फूटा अभिभावकों का गुस्सा
Published on

नदिया : नदिया जिले के शांतिपुर स्थित एक उच्च विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित अशोभनीय व्यवहार के आरोप को लेकर शुक्रवार को भारी बवाल मच गया। गुस्साए अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर में घुसकर आरोपी शिक्षक की पिटाई कर दी, उस पर अंडे फेंके और परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ने पर शांतिपुर थाने की पुलिस और केंद्रीय बल के जवानों को मौके पर पहुंचना पड़ा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर काबू पाया गया। आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक आशीष विश्वास लंबे समय से छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करते थे। अभिभावकों का कहना है कि वह छात्राओं को अनुचित तरीके से छूते थे, उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश करते थे और विरोध करने या शिकायत करने पर प्रोजेक्ट में कम अंक देने की धमकी देते थे।बताया गया कि गुरुवार को एक छात्रा छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) का फॉर्म जमा करने स्कूल पहुंची थी, लेकिन उसका फॉर्म स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद छात्रा ने प्रधानाध्यापक को लिखित शिकायत सौंपते हुए शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए। शुक्रवार सुबह शिकायत की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग स्कूल के बाहर एकत्र हो गए। प्रदर्शन के दौरान आरोपी शिक्षक को हटाने की मांग की गई। प्रदर्शन उग्र होने पर भीड़ स्टाफ रूम में घुस गई और शिक्षक के साथ मारपीट कर उस पर लगातार अंडे फेंके। इस दौरान स्कूल की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि स्कूल प्रबंधन को पहले से शिक्षक के व्यवहार की जानकारी थी, लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी बात को लेकर प्रधानाध्यापक के खिलाफ भी नाराजगी जताई गई।विद्यालय के प्रधानाध्यापक अपूर्व बनिक ने बताया कि एक छात्रा की ओर से लिखित शिकायत मिली है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उन्होंने स्वयं पर लगाए गए आरोपों से इनकार किया। वहीं, आरोपी शिक्षक आशीष विश्वास ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि छात्रा का छात्रवृत्ति फॉर्म आवश्यक दस्तावेज पूरे न होने के कारण स्वीकार नहीं किया गया था। उनके अनुसार, उसी के बाद झूठे आरोप लगाए गए। घटना को गंभीर मानते हुए सांसद जगन्नाथ सरकार ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शांतिपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in