

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना के खड़दह थाना पुलिस ने पानीहाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 25 के पार्षद हिमांशु देव को कथित तोलाबाजी, जबरन वसूली, अवैध तरीके से जमीन कब्जा करने समेत कई गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस ने उन्हें बैरकपुर अदालत में पेश किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिमांशु देव के खिलाफ लंबे समय से तोलाबाजी, जबरन वसूली, जमीन पर अवैध कब्जा और अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों की जांच के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई। बताया जाता है कि हिमांशु देव को पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक निर्मल घोष का करीबी माना जाता है। खड़दह थाने से अदालत ले जाए जाने के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि पुलिस उन पर पूर्व विधायक निर्मल घोष के ठिकाने की जानकारी देने के लिए दबाव बना रही है। उनका आरोप है कि पूछताछ के दौरान उनसे बार-बार निर्मल घोष के बारे में सवाल किए गए। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह शिकायतों के आधार पर की जा रही है।