

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जयनगर थाना क्षेत्र में हुई गाय चोरी की ताजा घटना में पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए सुधीन बनर्जी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त जिले के मगराहाट थाना क्षेत्र के जुगिया इलाके का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए एक जाइलो वाहन को भी जब्त कर लिया है, जिसके आधार पर ही पुलिस पूरी घटना की कड़ी तक पहुँच सकी। घटना 10 नवंबर को जयनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण बरासात और हरिनायणपुर इलाके में घटित हुई थी। स्थानीय निवासी एवं गाय के मालिक ने थाना जाकर शिकायत दर्ज करायी कि उनकी गाय को देर रात अज्ञात लोग वाहन में भरकर ले गए। शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी पार्थसारथी पाल के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई ताकि जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाया जा सके और चोरी हुई गाय को बरामद किया जा सके। जाँच टीम में शामिल सब-इंस्पेक्टर शुभंकर करन और सोमनाथ ने पूरे क्षेत्र में फैले हावड़ा–कुलपी रोड और विष्णुपुर इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया। घंटों की मेहनत के बाद उन्हें एक संदिग्ध जाइलो वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगी, जो घटना के समय आसपास देखा गया था। फुटेज की सहायता से वाहन की पहचान की गई और उसके आधार पर पुलिस मगराहाट क्षेत्र तक पहुँची। मगराहाट के जुगिया इलाके में दबिश डालकर पुलिस ने वाहन को बरामद किया और मौके से सुधीन को हिरासत में ले लिया। प्राथमिक पूछताछ में उसने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने के संकेत दिए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ न्यायाधीश ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस अब यह जांच रही है कि क्या इस चोरी के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है और क्या क्षेत्र में इसी तरह की अन्य घटनाओं से इसका संबंध है। मामले की गहन जांच जारी है।