

बारासात : उत्तर 24 परगना जिला परिषद भवन में लंबे समय से मौजूद ‘तितूमीर सभाकक्ष’ का नाम अब बदलकर ‘श्यामा प्रसाद भवन’ कर दिया गया है। बुधवार को हिंदू जागरण मंच के ‘अखंड भारत संकल्प’ सप्ताह के कार्यक्रम के दौरान यह नाम परिवर्तन किया गया। इसके साथ ही सभाकक्ष की दीवार से स्वतंत्रता सेनानी तितूमीर की तस्वीर हटाकर वहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर लगा दी गई। बता दें कि 1986 में अविभाजित 24 परगना जिले के विभाजन के बाद उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिले अस्तित्व में आए। उसी दौर से जिला परिषद के इस सभाकक्ष का नाम स्थानीय स्वतंत्रता सेनानी तितूमीर के नाम पर था। बादुड़िया निवासी तितूमीर ने 19वीं सदी में ब्रिटिश शासन और जमींदारों के अत्याचार के खिलाफ किसानों को संगठित किया था। संगठन के नेता संजीव महतो ने कहा कि राजनीतिक परिवर्तन हुआ है, लेकिन हिंदुओं की सामाजिक जीत नहीं हुई है। अखंड भारत के संकल्प के साथ तितूमीर सभाकक्ष का नाम बदलकर श्यामा प्रसाद भवन किया गया है। नाम परिवर्तन के समर्थन में भाजपा की ओर से राजनीतिक तर्क भी दिया गया। बारासात संगठनात्मक जिला भाजपा के लीगल सेल के संयोजक निमाई राय ने दावा किया कि देश की स्वतंत्रता में तितूमीर की तुलना में श्यामा प्रसाद मुखर्जी का योगदान अधिक था।