

कांचरापाड़ा : कांचरापाड़ा के घटक रोड स्थित राय परिवार के घर में इन दिनों लोगों की आवाजाही पहले जैसी है, लेकिन भीतर का सन्नाटा परिवार की चिंता को बयां कर रहा है। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद से पूर्व विधायक शुभ्रांशु राय की पत्नी शर्मिष्ठा राय भौमिक पिछले 10 दिनों से लापता हैं। परिवार लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है। सबसे अधिक बेचैनी उनके दो बच्चों में है। 10 वर्षीय बेटा हर दिन अपनी मां के बारे में पूछता है। कभी वह बड़ी बहन से सवाल करता है तो कभी पिता शुभ्रांशु राय से पूछ बैठता है, “मां की कोई खबर मिली?” परिवार के पास फिलहाल इस सवाल का कोई जवाब नहीं है। करीब 16 वर्षीय बेटी, जो कक्षा 11 में पढ़ती है, खुद को संभालते हुए छोटे भाई का हौसला बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
21 अगस्त को नेपाल रवाना हुई थीं
शर्मिष्ठा 21 अगस्त को 32 सदस्यीय पर्यटक दल के साथ नेपाल गई थीं। यात्रा के दौरान वह नियमित रूप से पति, बच्चों और मां से फोन और वीडियो कॉल के जरिए संपर्क में थीं। हालांकि, नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद उनसे संपर्क टूट गया। इसके बाद से परिवार को उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
घर और कारोबार की अहम जिम्मेदारी
शर्मिष्ठा परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा थीं। बच्चों की पढ़ाई, स्कूल, कोचिंग और बेटी को नृत्य विद्यालय ले जाने तक की जिम्मेदारी वह संभालती थीं। परिवार से जुड़े निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल, पॉलीक्लिनिक और नेत्र जांच केंद्र के संचालन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। वहीं बेटी के लापता होने की खबर के बाद उनकी वृद्ध मां बेलघरिया स्थित अपना घर छोड़कर कांचरापाड़ा आ गई हैं और नाती-नातिन की देखभाल में परिवार का साथ दे रही हैं। बताया जाता है कि शर्मिष्ठा और शुभ्रांशु की मुलाकात कल्याणी के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों ने करीब 2009 में विवाह किया। यात्रा की शौकीन शर्मिष्ठा करीब डेढ़ वर्ष पहले बच्चों के साथ लद्दाख भी गई थीं और नेपाल से लौटने के बाद परिवार के साथ विदेश यात्रा की योजना बना रही थीं। फिलहाल राय परिवार की सारी योजनाएं थम गई हैं। हर किसी की निगाह शर्मिष्ठा की वापसी की खबर पर टिकी है और परिवार उनकी सुरक्षित घर लौटने की प्रार्थना कर रहा है।