फाइल फोटोफाइल फोटो
पश्चिम बंगाल
नाम को लेकर विवाद के बाद बदला सिंथी मोड़ मेले का नाम
‘शारदीय उत्सव व मेला’ की जगह अब ‘दुर्गापूजा मेला’
भाजपा की आपत्ति के बाद आयोजकों का फैसला
प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
बरानगर
: बरानगर के सिंथी मोड़ स्थित सर्कस मैदान में लगने वाले मेले के नाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की आपत्ति और एक बैनर हटाए जाने के बाद आयोजकों ने मेले का नाम बदल दिया है। पहले इसका नाम ‘सिंथी मोड़ शारदीय उत्सव व मेला’ था, जिसे अब ‘सिंथी मोड़ दुर्गापूजा मेला’ कर दिया गया है। बताया गया है कि मेले के प्रचार के लिए लगाए गए बैनरों में ‘शारदीय उत्सव व मेला’ लिखे जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जतायी थी। आरोप है कि हाल में कुछ कार्यकर्ताओं ने एक बैनर भी हटा दिया। उनका कहना था कि बैनर पर ‘दुर्गापूजा’ का उल्लेख होना चाहिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया। इसके बाद आयोजकों ने विवाद से बचने के लिए नाम बदलने का निर्णय लिया। पुराने बैनर हटाकर नये नाम वाले बैनर लगाए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, मेला 1 नवंबर तक चलेगा। आयोजक राजेशचंद्र ने कहा कि सोशल मीडिया पर विवाद सामने आने के बाद उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन के लिए नाम बदलने का फैसला किया। वहीं, तृणमूल नेता रामकृष्ण पाल ने आरोप लगाया कि भाजपा दबाव बनाकर नाम बदलवा रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष चंडीचरण राय ने कहा कि दुर्गापूजा को केंद्र में रखकर आयोजित मेले का नाम ‘दुर्गापूजा मेला’ रखने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

