

कहा : नये जनप्रतिनिधियों के आने से विकास कार्यों में आएगी गति
चेयरमैन नहीं है कांचरापाड़ा, हालीशहर, नैहाटी, भाटपाड़ा, गरुलिया, पानीहाटी और बैरकपुर सहित कई पालिकाओं में
उत्तर 24 परगना : पश्चिम बंगाल में नगर निकाय चुनाव को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत आने वाली पालिकाओं समेत राज्य की कई नगरपालिकाओं में नवंबर-दिसंबर के दौरान चुनाव कराये जा सकते हैं। उनका मानना है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की वापसी से नगर प्रशासन को गति मिलेगी और आम लोगों को बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। शुक्रवार को भाटपाड़ा नगरपालिका में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अर्जुन सिंह ने कहा कि कांचरापाड़ा, हालीशहर, नैहाटी, भाटपाड़ा, गरुलिया और बैरकपुर नगरपालिकाओं में चेयरमैन से लेकर कई पार्षदों के इस्तीफे के कारण नगर प्रशासन प्रभावित हुआ है। इसका सीधा असर आम लोगों को मिलने वाली नागरिक सुविधाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति से उबरने और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए जल्द नगर पालिका चुनाव कराना आवश्यक है।
बेहतर काम करने वाले जनप्रतिनिधि काे मिलेगा प्रोत्साहन
चुनाव के बाद नए जनप्रतिनिधि जिम्मेदारी संभालेंगे, जिससे विकास योजनाओं के साथ-साथ नागरिक सेवाओं का भी प्रभावी ढंग से संचालन हो सकेगा। परिवहन मंत्री ने यह भी कहा कि जो जनप्रतिनिधि बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं, जगदल के विधायक डॉ. राजेश कुमार ने भी मंत्री के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में नगर प्रशासन अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनता है। उन्होंने कहा कि जनता के हित में जल्द चुनाव कराना समय की मांग है।