

दक्षिणेश्वर : पार्टी को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट के दौरान बेटे को बचाने पहुंची एक महिला पर लोहे के पाइप से हमला करने का आरोप लगा है। सिर पर चोट लगने के बाद महिला मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। गंभीर हालत में उसे सागर दत्ता अस्पताल ले जाया गया। घटना को लेकर दक्षिणेश्वर थाने में दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर न्यू मेट्रो कॉलोनी इलाके की है। शिकायतकर्ता मोहम्मद राहुल ने पुलिस को बताया कि उसके बड़े भाई मोहम्मद राज का पार्टी को लेकर साहिल और कालू से विवाद हुआ था। बातचीत के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गयी। आरोप है कि साहिल और कालू ने मोहम्मद राज के साथ मारपीट की। शोर सुनकर उसकी मां ममुनिया खातून बेटे को बचाने के लिए वहां पहुंची। शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान दोनों युवकों ने कथित तौर पर लोहे के पाइप से उस पर हमला कर दिया। चोट लगते ही वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल सागर दत्ता अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया।