पानीहाटी में छेड़छाड़ का विरोध करने पर मां-बेटी पर जानलेवा हमला

हमले के बाद भाग नहीं सका अभियुक्त, लोगों ने पकड़कर पीटा
फाइल फोटाे
फाइल फोटाे
Published on

बैरकपुर : पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 1 स्थित पंचाननतला इलाके में शुक्रवार की रात घर में घुसकर कथित तौर पर छेड़छाड़ की कोशिश का विरोध करने पर एक युवक ने मां-बेटी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में दोनों घायल हो गईं, जबकि घर में मौजूद एक वर्षीय बच्चा भी चोटिल हो गया। पुलिस ने अभियुक्त भोला को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता श्रुति रॉय चक्रवर्ती के अनुसार, रात में अभियुक्त चुपके से उनके घर में घुस आया और अंधेरे का फायदा उठाकर भीतर ही छिपा रहा। कुछ देर बाद जब उनकी मां रसोई में गईं तो उनकी नजर अभियुक्त पर पड़ गई। महिला के शोर मचाते ही अभियुक्त ने अपना आपा खो दिया और धारदार हथियार निकालकर उन पर हमला कर दिया। मां पर हमला होते देख श्रुति उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ीं, लेकिन अभियुक्त ने उस पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई और मां-बेटी दोनों लहूलुहान हो गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और अभियुक्त को पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर खड़दह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और अभियुक्त को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in