जल जमाव वाले इलाकों का विधायक कौस्तव बागची ने किया दौरा

बैरकपुर के कई वार्डों में हालात का लिया जायजा
जल जमाव वाले इलाकों  का जायजा लेते कौस्तव बागची
जल जमाव वाले इलाकों का जायजा लेते कौस्तव बागची
Published on

स्थायी समाधान के लिए अधिकारियों संग बनाई रणनीति

पूर्व सरकार और पूर्व नगर बोर्ड की कार्यशैली पर साधा निशाना

बैरकपुर : लगातार बारिश के कारण बैरकपुर नगर पालिका के कई वार्डों में जलजमाव की गंभीर समस्या को देखते हुए बैरकपुर विधानसभा के विधायक कौस्तव बागची ने शनिवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जलनिकासी की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान विधायक ने नगर पालिका के वार्ड नंबर 5, 11 और 15 के जलमग्न इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने रवींद्रपल्ली, बिलपाड़ा और वेरीगेट समेत कई प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का आकलन किया। इसके अलावा बैरकपुर-कल्याणी एक्सप्रेसवे पर नगर पालिका की ओर से लगाए गए पंपिंग सिस्टम का भी निरीक्षण किया और जलनिकासी कार्य की प्रगति की जानकारी ली। दौरे के बाद विधायक कौस्तव बागची ने दावा किया कि खाल के किनारे अतिक्रमण कर कई मकान बना दिए गए हैं, जिसके कारण जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने नगर पालिका के सफाई विभाग के अधिकारियों के साथ इस पर चर्चा की कि प्रभावित इलाकों का पानी किस प्रकार ड्रेनेज सिस्टम के माध्यम से कल्याणी एक्सप्रेसवे के किनारे बने खाल तक पहुंचाया जा सकता है, ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके। इसके साथ ही उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार और बैरकपुर नगर पालिका के पूर्ववर्ती बोर्ड पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वर्षों तक जल निकासी व्यवस्था की अनदेखी की गई, जिसका खामियाजा आज स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में जल्द राहत पहुंचाने और दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in